बिहारराज्य

अनंत सिंह के भोज में दिखेगी खास व्यवस्था, हाथ धोने के लिए लगे 500 नल

 मोकामा   

बिहार के मोकामा में अनंत सिंह की बेटी की शादी सिर्फ भव्य सजावट और घुड़दौड़ को लेकर ही चर्चा में नहीं है. यहां होने वाले महाभोज की व्यवस्था भी लोगों का ध्यान खींच रही है. मेहमानों की संख्या लाखों में पहुंचने का अनुमान है. ऐसे में सिर्फ खाना बनाने और परोसने की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि भोजन के बाद हाथ धुलवाने तक के इंतजाम पर ध्यान दिया गया है। 

नदवां में शादी समारोह के लिए रातोंरात 500 नल लगाए जाने की व्यवस्था चर्चा में है. इतने बड़े आयोजन में जब हजारों लोग एक साथ भोजन करेंगे, तब उनके सामने हाथ धोने के लिए इंतजार की स्थिति न बने, इसके लिए अलग-अलग जगहों पर पानी की व्यवस्था की गई है. यानी मेहमानों को भोजन कराने के बाद उनकी सुविधा का भी पूरा ख्याल रखने की तैयारी है। 

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी आज हो रही है. इस आयोजन के लिए कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं, लेकिन बीच में हुई बारिश ने मुश्किल बढ़ा दी थी. इसके बाद अनंत सिंह ने खुद मोर्चा संभाला और एक-एक व्यवस्था को पूरा कराने में जुट गए. आमतौर पर शादी में भोजन के लिए पंडाल, टेबल-कुर्सी और पानी की व्यवस्था पर ध्यान दिया जाता है, लेकिन यहां मेहमानों की संख्या को देखते हुए हाथ धोने के लिए भी अलग इंतजाम किया गया है. आयोजन से मिली जानकारी के मुताबिक, परिसर में करीब 500 से ज्यादा नल लगाए गए हैं. इनका उद्देश्य है कि भोजन करने के बाद मेहमानों को हाथ धोने के लिए किसी एक जगह पर भीड़ न लगानी पड़े। 

500 से ज्यादा हलवाई, 150 से अधिक पकवान
महाभोज के लिए 500 से अधिक हलवाइयों और रसोइयों की टीम लगाई गई है. अलग-अलग टीमों को भोजन और मिठाइयां तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है. शादी में 150 से ज्यादा तरह के पकवान परोसने की तैयारी है. इसके लिए विशाल अस्थायी किचन तैयार किया गया है, जहां एक साथ कई तरह के व्यंजन बनाने का काम चल रहा है. इस भोज में अलग-अलग राज्यों के व्यंजनों के साथ बिहार और आसपास के इलाकों के पारंपरिक पकवान भी शामिल किए जाने की तैयारी है.  मिठाइयों की तैयारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आयोजन से जुड़े पहले के दावों में 25 लाख से ज्यादा मिठाइयां और करीब 50 लाख रसगुल्ले तैयार करने की बात सामने आई थी. यानी यहां सिर्फ मुख्य भोजन ही नहीं, बल्कि मीठे का इंतजाम भी बड़े पैमाने पर किया गया है। 

बारिश ने बढ़ाई थी मुश्किल, रातभर चला काम
शादी की तैयारियों के बीच दो दिन पहले हुई बारिश ने आयोजकों की परेशानी बढ़ा दी थी. नदवां में जिस मैदान पर शादी और दूसरे कार्यक्रम होने हैं, वहां कई जगह पानी जमा हो गया था. जमीन गीली होने के कारण कीचड़ की स्थिति बन गई थी. ऐसे में मेहमानों के आने-जाने से लेकर घुड़दौड़ के आयोजन तक पर असर पड़ने की आशंका थी. इसके बाद अनंत सिंह ने खुद तैयारियों की कमान संभाली. जेसीबी लगाकर मैदान से पानी और कीचड़ हटवाया गया. जहां जरूरत पड़ी, वहां मिट्टी और बालू डलवाई गई. इसके बाद रोलर चलाकर जमीन को समतल कराया गया. घुड़दौड़ के मैदान को भी इसी तरह तैयार किया गया, ताकि घोड़ों को दौड़ने में परेशानी न हो. मंगलवार की रात भी काम नहीं रुका. अनंत सिंह खुद बैठकर तैयारियों का जायजा लेते रहे और जरूरी काम पूरे करवाते रहे. बुधवार सुबह जब उनसे तैयारियों के बारे में पूछा गया तो उनका जवाब था- 'सब कुछ हो गया। 

10 से 12 बीघा में फैला शादी का परिसर
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के लिए नदवां में करीब 10 से 12 बीघा जमीन पर तैयारियां की गई हैं. परिसर में कई बड़े पंडाल बनाए गए हैं. जयमाला का मंच जयपुर के महलों की तर्ज पर तैयार किया गया है. पूरे परिसर में गुलाबी रंग की थीम रखी गई है. प्रवेश द्वार से लेकर मेहमानों के बैठने और भोजन करने तक के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं. भोजन की व्यवस्था को भी इसी हिसाब से तैयार किया गया है. इतने बड़े आयोजन में सबसे बड़ी चुनौती एक साथ पहुंचने वाली भीड़ को संभालना है. इसलिए अलग-अलग भोजन स्थलों और पंडालों के जरिए मेहमानों को भोजन कराने की योजना बनाई गई है. कोशिश है कि लोगों को खाने के लिए ज्यादा देर इंतजार न करना पड़े.  इस शादी में मिठाइयों की तैयारी कई दिन पहले से शुरू हो गई थी. हलवाइयों की अलग-अलग टीमें लगातार काम कर रही हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, मिठाइयां बनाने के लिए बड़ी मात्रा में दूध मंगाया गया है. 10 हजार लीटर क्षमता वाले दूध के टैंकर से सीधे किचन तक दूध पहुंचाने की जानकारी भी सामने आई थी. रसगुल्ले और गुलाब जामुन के अलावा दूसरी मिठाइयां भी तैयार की जा रही हैं. पहले से तैयार होने वाली मिठाइयों में गाजा और खुरमा का भी जिक्र किया गया है. मिठाइयां बनाने वाले कारीगरों को अलग जिम्मेदारी दी गई है, ताकि मुख्य भोजन की तैयारी के साथ मिठाइयों का काम भी प्रभावित न हो। 

घुड़दौड़ और थार का इनाम भी चर्चा में
शादी समारोह में सिर्फ महाभोज ही नहीं, बल्कि घुड़दौड़ भी खास आकर्षण है. इसके लिए बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दूसरे राज्यों से घोड़े और घुड़सवार पहुंचे हैं. प्रतियोगिता में जीतने वाले को महिंद्रा थार देने का ऐलान किया गया है. इस रेस में बारूद, करण, अर्जुन, राजा, रॉकेट, बादल और आकाश जैसे घोड़ों को लेकर पहले से चर्चा है. बारूद की रफ्तार 45 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होने का दावा उसके संचालक ने किया है. वहीं प्रयागराज से आए करण और अर्जुन भी अपनी पिछली जीतों के कारण चर्चा में हैं. बारिश के कारण घुड़दौड़ का मैदान भी प्रभावित हुआ था. लेकिन मिट्टी, बालू और रोलर की मदद से इसे तैयार कराया गया. अनंत सिंह की कोशिश रही कि शादी के दिन तय कार्यक्रम के मुताबिक घुड़दौड़ हो सके। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button